लखनऊ। विज्ञान के क्षेत्र में शोध कर रहे छात्रों को खुद पर विश्वास मजबूत कर आगे बढ़ना चाहिए। संकल्प सफलता की कुंजी है। वैज्ञानिक और अभिनव अनुसंधान अकादमी (एसीएसआईआर) देश का प्रतिष्ठित संस्थान है, जो अब तक आठ सौ से ज्यादा पीएचडी डिग्रियां दे चुका है। ये बातें केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. प्रबोध कुमार त्रिवेदी ने कहीं।
मंगलवार को वे सीमैप में एसीएसआईआर संस्थान के 13वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्य अतिथि केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान की वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डॉ. रितु त्रिवेदी ने शोध छात्रों से कहा, असफलता कभी स्थायी नहीं होती।
सहयोग और टीम भावना से सदैव श्रेष्ठ प्रदर्शन दें। इस दौरान बायो-आर्ट प्रतियोगिता व बैजिंग सेरेमनी आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वैज्ञानिक, शोध छात्र और संस्थान के कर्मचारी मौजूद रहे।