बाढ़ पंपिंग का निरीक्षण करते नगर आयुक्त गौरव कुमार
लखनऊ। शहर में तेज बारिश को देखते हुए नगर आयुक्त गौरव कुमार सोमवार को पंपिंग स्टेशनों के निरीक्षण पर निकले। इस दौरान उन्हें पुराने शहर में सरकटा नाले पर बने बाढ़ पंपिंग स्टेशन का एक पंप बंद मिला। इस पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और सख्त निर्देश दिए कि ऐसी लापरवाही आगे मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
महमूद नगर स्थित अहमद हसन की कोठी के पास नाले में कचरा मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों ने बताया कि नाला साफ था, मगर बारिश के दौरान कचरा आया। नगर आयुक्त ने बालागंज वार्ड स्थित हरीनगर नाले का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित करें और किसी भी सूरत में पानी जमा न होने पाए।
वजीरगंज पंपिंग स्टेशन के पंपों की कार्यप्रणाली, जल निकासी की स्थिति और मशीनों की सतत निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। नगर आयुक्त ने आमजन से भी अपील की कि वे सफाई कार्य में सहयोग करें। दूसरी ओर, अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह ने भी गोमती नगर रिवर फ्रंट और 1090 चौराहे का भ्रमण कर जलभराव का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल जलनिकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंपिंग सिस्टम की निरंतर निगरानी व सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।