इंडियन नेशनल लीग के एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को बाबरी मस्जिद के पक्षकार इकबाल अंसारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मध्यस्थता को लेकर चर्चा की। इकबाल अंसारी ने सुप्रीम कोर्ट से पैनल को पुन: गठित करने की मांग उठाई ।
मुस्लिम पक्षकार इकबाल अंसारी ने कहा कि पैनल में शामिल श्री श्री रविशंकर का अयोध्या के संत विरोध कर रहे हैं ऐसे में सुलह समझौते की बात कैसे हो पाएगी। इकबाल अंसारी ने सुप्रीम कोर्ट से अपील करते हुए कहा कि पैनल में फेरबदल होना चाहिए।
वही इंडियन नेशनल लीग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजीम भाई सिद्दीकी ने कहा कि जब पैनल को लेकर अयोध्या के संतों का एक मत नहीं है तो पैनल में फेरबदल होना चाहिए। सुलह समझौते पर अजीम भाई सिद्दीकी ने कहा कि जब भी किसी मामले पर सुलह होती है तो दोनों पक्षों से कुछ ना कुछ लेनदेन जरूर होता है। ऐसे में दोनों पक्षों को एक दूसरे की बात मानकर सुलह समझौता करना चाहिए। इस दौरान फहीम सिद्धकी सहित अन्य मौजूद रहे।