आलमबाग। आशियाना के औरंगाबाद जागीर में रविवार शाम बैट लगने से बालिका की मौत के मामले में आशियाना पुलिस ने सोमवार को पिता की शिकायत पर मोहल्ले के ही 14 वर्षीय बालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि 11 वर्षीय बालिका की मौत के मामले में औरंगाबाद जागीर निवासी पिता सूरज ने मोहल्ले के किशोर पर जानबूझकर बैट से उनकी पुत्री पर हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि रविवार शाम करीब 4:30 बजे औरंगाबाद जागीर सामुदायिक केंद्र के सामने प्लॉट पर कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। वहां उनकी पुत्री वैष्णवी भी पहुंच गई। वहीं पर मौजूद औरंगाबाद जागीर निवासी बालक ने वैष्णवी को भाग जाने के लिए कहा। बात न मानने पर आरोपी ने वैष्णवी के सीने पर बैट मार दिया, जिससे उसकी जान चली गई।