लखनऊ। ला-मार्टीनियर ब्वाॅयज कॉलेज के ग्राउंड पर चले सांस्कृतिक उत्सव रेपर्टवा ने रविवार को विदा ली। उत्सव में लेखक दिव्य प्रकाश दुबे के किस्सों ने मन मोहा तो वेन चाय मेट टोस्ट के गीतों ने दर्शकों को खूब झुमाया।
उत्सव का खास कार्यक्रम जाकिर खान का कॉमेडी शो रहा। देर शाम सजी हास्य की महफिल में उनके प्रशंसकों का जमावड़ा लगा रहा। जाकिर के आने से लेकर जाने तक लोग उनके आगे-पीछे सेल्फी और फोटो के लिए दौड़ लगाते दिखे। स्टेज पर उनके एक-एक जोक पर दर्शकों ने जोरदार ठहाके लगाए।
रोशन के सवाल, मिनी, दिव्य और मुनीम के जवाब
दोपहर को टीवी होस्ट और अभिनेता रोशन अब्बास ने थियेटर से जुड़ी निमी रफेल, लेखक और स्टोरी टेलर दिव्य प्रकाश दुबे और मोहम्मद मुनीम (आलिफ) के साथ संवाद किया। दिव्य प्रकाश दुबे ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहांनियां सुनाईं। वहीं मुनीम के गीत युवाओं के दिलों को छू गए। दिव्य, मुनीम और निमी ने अपनी-अपनी कहानियां भी सुनाईं।
-
वेन चाय मेट टोस्ट ने सबको झुमाया
केरल के बैंड वेन चाय मेट टोस्ट के गीतों ने सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। गायक अश्विन गोपा कुमार ने अपने गीतों से समां बांध दिया। बैंड के गीतों ज्वॉय ऑफ लिटिल थिंग्स और ‘वन वी फील यंग पर दर्शक झूमते नजर आए।
-
भूमि में दिखी सच्चाई
रंगमंच उत्सव में विनय कुमार के निर्देशन में भूमि का प्रदर्शन हुआ। नाटक भूमि में महिला के खिलाफ हो रही हिंसा को प्रस्तुत किया गया। इसमें इतिहास और समकालीन दुनिया के बीच समानताएं खींचने का प्रयास किया गया।