रायबरेली। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर। तीन ओवरब्रिजों में से जेलरोड के उपगिरामी की मरम्मत को हरी झंडी मिल गई है। प्रस्ताव तो तीनों का भेजा गया है, उम्मीद है कि अन्य की भी मरम्मत जल्द हो जाएगी, फिलहाल इंतजार करना होगा। सबसे ज्यादा दशा शहर के बीच स्थित गल्लामंडी के पास रेलवे लाइन के ऊपर बने ओवब्रिज की है। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गल्लामंडी स्थित ओवरब्रिज का निर्माण सेतु निगम ने कराया था। तीन महीने पहले इस ओवरब्रिज को सेतु निगम ने लोक निर्माण विभाग को हैंडओवर किया है। इस ओवरब्रिज की दशा इतनी खराब है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।
लोक निर्माण विभाग ने इसमें गिट्टियां डालकर किसी तरह चलने लायक बनाया। इसकी मरम्मत के लिए विभाग ने 89 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। इसके साथ ही बांदा-बहराइच राजमार्ग पर बने ओवरब्रिज को 37 लाख और मामा चौराहे (जेल रोड) पर बने ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए 87 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा था। इसमें मामा चौराहा स्थित ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए हरी झंडी मिल गई है। बजट आवंटित हो गया है।
अभी करना होगा इंतजार
बांदा-बहराइच राजमार्ग पर बछरावां और गल्लामंडी स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर बने ओवरब्रिज से प्रतिदिन 50 हजार से ज्यादा लोग गुजरते हैं। बछरावां के ओवरब्रिज की दशा तो कुछ ठीक है, लेकिन गल्लामंडी के पास बने ओवरब्रिज की दशा बेहद खराब है। इसके पास गल्लामंडी होने के कारण व्यापारियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। मुशीर अहमद, रामजियावन, रामहेत, आशीष कुमार ने बताया कि गल्लामंडी के पास बने ओवरब्रिज की सर्विस रोड पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। अक्सर यहां जलभराव रहता है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होगा काम
तीन ओवरब्रिजों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजे गए थे। इसमें मामा चौराहा ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए स्वीकृति मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।
-महिपाल सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग