रायबरेली। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए 92 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले जाएंगे। इससे ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ेंगी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद जिले में केंद्रों के संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीएमओ ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को उपकेंद्र के लिए किराए पर भवन चिन्हित कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं, जिससे अप्रैल माह से नए केंद्रों का संचालन शुरू किया जा सके। बच्चों व गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के साथ ही नियमित जांच सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को घरों के आसपास में ही मिल सकेगी।
जिले में पहले 419 स्वास्थ्य उपकेंद्र गांवों में संचालित हैं। करीब 450 गांव अब भी इससे वंचित हैं। इनमें तमाम ऐसे गांव हैं, जहां के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्हें लंबी दूरी तय करने के बाद स्वास्थ्य सेवाएं मिल पाती हैं। स्वास्थ्य सेवाओं से अछूते गांवों में नए उपकेंद्र खोलने को शासन से स्वीकृति मिल गई है।
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत नए स्वास्थ्य उपकेंद्र किराए के भवन में संचालित होंगे। तीन हजार रुपये प्रतिमाह किराया भवनों के मालिकों को दिया जाएगा। पांच हजार की आबादी पर एक स्वास्थ्य उपकेंद्र होगा। आदेश के आने के बाद जिले में 92 नए उपकेंद्र खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इसके लिए सीएमओ ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को सुविधाओं से अछूते गांवों में किराए पर भवनों की व्यवस्था कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं, जिससे केंद्रों का संचालन शुरू कराया जा सके।
किस ब्लॉक में खुलेंगे कितने उपकेंद्र
जिले के अमावां में पांच, बछरावां में छह, छतोह में चार, डलमऊ में सात, दीनशाह गौरा में तीन, डीह में पांच, हरचंदपुर में पांच, जगतपुर में तीन, खीरों में पांच, लालगंज में छह, महराजगंज में पांच, राही में सात, रोहनियां में दो, सलोन में आठ, सरेनी में छह, सतांव में छह, शिवगढ़ में चार, ऊंचाहार में पांच उपकेंद्र खोले जाएंगे।
उपकेंद्रों पर एएनएम की होगी तैनाती
जिले में किराए के भवनों में खुलने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर एक-एक एएनएम की तैनाती होगी। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत एएनएम की भर्ती होगी। एएनएम अपने सेंटरों पर रोजाना पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले में 92 नए उपकेंद्र खोले जाएंगे। अधीक्षकों को केंद्रों के लिए किराए पर भवनों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही नए उपकेंद्रों का संचालन कराकर अछूते गांवों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी।
डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ