लखनऊ। दिन में बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले ऑटो चालक गाजीपुर निवासी रविंद्र सिंह और विभूतिखंड निवासी राजू कश्यप को इंदिरानगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने इंदिरानगर इलाके में जुलाई व अगस्त माह में दो घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है।
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि जुलाई माह में सेक्टर 13 निवासी कृष्ण बाबू और 18 अगस्त को सेक्टर-9 निवासी अंकुर मिश्र के घर में चोरी की घटना हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में ऑटो सवार दो संदिग्ध पुलिस को दोनों जगह नजर आए। इसके बाद पुलिस ने ऑटो की तलाश शुरू की। बुधवार को इंदिरानगर पुलिस ने पिकनिक स्पॉट रोड के पास से उक्त ऑटो सवार रविंद्र सिंह व राजू को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, 2870 रुपये और घटना में प्रयोग किया गया ऑटो बरामद किया। एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी रविंद्र सिंह मूल रूप से बाराबंकी और राजू लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। रविंद्र सिंह किराये पर ऑटो चलाता है। वह साथी राजू के साथ मिलकर दिन में बंद घरों की रेकी करके रात में चोरी की वारदात को अंजाम देता है। पुलिस दोनोंं के आपराधिक इतिहास के बारे में पता लगा रही है।