लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि में परीक्षा के बाद अब विद्यार्थी विभाग स्तर पर अपनी उत्तरपुस्तिकाएं भी देख पाएंगे। मूल्यांकन के बाद विभागाध्यक्ष की निगरानी में शिक्षक, छात्र-छात्राओं को उनकी कॉपियां दिखाएंगे। छात्रों के मूल्यांकन से संतुष्ट होने के बाद ही अंतिम रूप से परीक्षाफल घोषित किया जाएगा। इससे परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों का संदेह दूर हो सकेगा।
पुनर्वास विवि में वर्तमान व्यवस्था में परीक्षा विभाग केवल एक से तीन अंक के बीच बैक आने पर ही विद्यार्थियों को निशुल्क कॉपी दिखाता है। इससे अधिक अंकों से बैक आने पर और रिजल्ट से असंतुष्ट विद्यार्थियों को कॉपी देखने के लिए 500 रुपये शुल्क अदा करना होता है। वहीं चुनौती मूल्यांकन में यह शुल्क बढ़कर पांच गुना यानी 2500 रुपये हो जाता है। परीक्षा विभाग के इस निर्णय से विद्यार्थियों की तमाम समस्याओं का विभाग स्तर पर ही हल हो सकेगा। चुनौती मूल्यांकन के लिए आवेदन उसी दशा में किया जा सकेगा, जब कॉपी में कोई बड़ी गड़बड़ी नजर आएगी।
कुलपति ने कार्यपरिषद में की थी सिफारिश
पुनर्वास विवि में बीते दिनों हुई कार्यपरिषद की बैठक में कुलपति प्रो. संजय सिंह ने विद्यार्थियों को विभाग स्तर पर मूल्यांकन के लिए कॉपी दिखाए जाने प्रस्ताव रखा था। इस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई थी। कुलपति ने परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी के मामलों और विद्यार्थियों को आने वाली समस्याओं के दृष्टिगत यह फैसला किया था।
अगली परीक्षा से लागू होगी व्यवस्था
अब विभाग स्तर पर छात्रों को मूल्यांकन के बाद कॉपी दिखाई जाएंगी। आगामी परीक्षा से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। इससे परिणाम जारी होने से पहले ही एक तरह स्क्रूटनी हो जाएगी।
- अमित कुमार राय, परीक्षा नियंत्रक पुनर्वास विवि