लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय वाराणसी में अपना क्षेत्रीय सेंटर खोलेगा। यह निर्णय बुधवार को कुलपति आचार्य संजय सिंह की अध्यक्षता में हुई एकेडमिक काउंसिल की बैठक में लिया गया। इस केंद्र से दिव्यांग विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय से जुड़े कोर्स करने में आसानी होगी।
विवि के प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि छह बरामदे और 16 कमरों का केंद्र वाराणसी के खुशीपुर स्थित अमरावती पुरुषोत्तम राजकीय बहुउद्देश्यीय दिव्यांगजन विकास संस्थान में चलेगा। बैठक में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पीएचडी की सीटें 250 से 278 करने के निर्णय पर भी मुहर लगी। इनमें भारतीय छात्रों के लिए 144 और विदेशी छात्रों के लिए 134 सीटें हैं। पहले विदेशी छात्रों के लिए 124 सीटें थीं। इसके साथ ही पीएचडी मौखिकी परीक्षा के दिन से ही अवॉर्ड मानी जाएगी। यह नियम पहले नहीं था।
दूरस्थ शिक्षा से स्किल डेवलपमेंट कोर्स
विश्वविद्यालय ने दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से स्किल डेवलपमेंट कोर्स शुरू करने का भी निर्णय लिया है। इन कोर्सों का उद्देश्य विद्यार्थियों के कौशल को बढ़ावा देना और उन्हें रोजगार दिलाने में मदद करना है। वहीं, लाइब्रेरी इन्फॉर्मेशन एंड साइंस को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत अपडेट करने का भी फैसला हुआ। इसके तहत स्नातक की पढ़ाई शुरू होगी। इसकी जिम्मेदारी हिंदी विभाग के प्रोफेसर यशवंत वीरोदय को सौंपी गई है। आधा दर्जन बीए के पाठ्यक्रम भी अपडेट किए जाएंगे।