लखनऊ। एलडीए के शारदा नगर विस्तार योजना में बने 185 पीएम आवासों के लिए बृहस्पतिवार एक जनवरी से पंजीकरण खुल रहा है जो 31 जनवरी तक चलेगा।
एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शारदा नगर विस्तार में बने 2,256 भवनों का पूर्व में लॉटरी से आवंटन किया गया था। इनमें रिफंड से खाली हुए 185 भवनों का फिर लॉटरी से आवंटन किया जाएगा। फ्लैट की कीमत 7.29 लाख रुपये है। इसमें आवंटी को 2.50 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इस तरह आवंटी को 4.79 लाख रुपये देने होंगे। फ्लैट का एरिया 36.65 वर्ग मीटर है। पंजीकरण ऑनलाइन होगा। इसके लिए आवेदक को एलडीए की वेबसाइट ldalucknow.in पर जाना होगा। यहां पर 5,000 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा कराकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। पंजीकरण पुस्तिका प्राधिकरण की वेबसाइट पर अपलोड है। योजना की नियमों के तहत तीन लाख रुपये सालाना आय वाले वह लोग ही आवेदन कर सकते हैं जिनका शहर में अपना कोई आवास नहीं है।