मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता टोल फ्री नंबर 1800180-1950 पर शिकायत व सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं। वेबसाइट www.ceouttarpradesh.nic.in, www.eci.nic.in और www.nvsp.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन और सर्च की सुविधा दी गई है। सभी फॉर्म पोलिंग बूथ, मतदाता पंजीकरण केंद्र, शैक्षणिक संस्थाओं, बीएलओ, जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से भी इसे डाउनलोड किया जा सकता है। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिक भी फॉर्म-6ए पर आवेदन करके अपना पंजीकरण करा सकते हैं। प्रवासी भारतीय व्यक्तिगत रूप से या डाक से अपना आवेदन पासपोर्ट की प्रति व अन्य अभिलेखों के साथ भेज सकते हैं। ऑनलाइन भी फॉर्म सबमिट करने की सुविधा है।
मतदाता सूची में कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत किए जाने का अधिकारी नहीं है। न ही उसे एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में पंजीकृत किया जाएगा। अगर कोई व्यक्ति मतदाता सूची में दी जाने वाली जानकारियां गलत या झूठी देता है तो उसे एक वर्ष की जेल या जुर्माना अथवा दोनों सजा हो सकती है।
बलिया जैसी घटना पर नजर रखने के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी डीएम को मतदाता सूची में फर्जी नाम जुड़वाने और फोटो लगवाने की घटनाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। हाल ही में बलिया में हुई घटना को देखते हुए ये निर्देश दिए गए हैं। बीएलओ, एआरओ को इसके लिए मतदाता सूची की ठीक से जांच कराने को कहा गया है। गौरतलब है कि बलिया की मतदाता सूची में बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी की फोटो प्रकाशित होने का मामला काफी चर्चा में रहा है।