लखनऊ में अब चौराहों पर कही भी आटो-टेंपो खड़ा कर सवारियां नहीं चढ़ाई व उतारी जा सकेंगी। ट्रैफिक पुलिस ने आटो व टेंपो के लिए लक्ष्मण रेखा खींच दी है। इसके अंदर ही आटो व टेंपो खड़ा करना होगा। ट्रैफिक अफसरों ने सभी टीएसआई को इस संबंध में कड़े निर्देश दिए हैं।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, ट्रांस गोमती प्रभारी प्रेम शंकर शाही ने शनिवार को मुंशी पुलिया चौराहे पर आटो व टेंपो खड़े होने के लिए रेड लाइन खिंचवाई है।
संबंधित टीएसआई व टेंपो चालकों को बुलाकर रेड लाइन के अंदर ही सवारी चढ़ाने व उतराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, रेड लाइन के अंदर आटो व टेंपो काफी देर तक नहीं खड़े रहेंगे।
उन्होंने बताया कि टीजी क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर रेड लाइन बनवाई जाएगी। इसके बाद आटो व टेंपो उसमें खड़े हो सकेंगे। रेड लाइन के बाहर वाहन खड़े वाहनों को चिन्हित कर चालान कराया जाएगा।