लखनऊ। बाल विकास परियोजनाओं के तहत जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 198 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए महिला अभ्यर्थियों को 16 मई तक http://upanganwadibharti.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेयश कुमार ने बताया कि भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या समकक्ष निर्धारित की गई है। यदि अभ्यर्थी के पास उच्च शिक्षा (स्नातक/परास्नातक) की डिग्री है तो आवेदन में इसका उल्लेख करना अनिवार्य है। चयन बीपीएल, विधवा, तलाकशुदा व अन्य वरीयता श्रेणियों के साथ मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
आवेदक की उम्र एक जनवरी 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और संबंधित ग्राम सभा या शहरी वार्ड की निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और सभी प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां अपलोड करनी होंगी।
किस क्षेत्र में कितने रिक्त पद
आलमनगर 31
सरोजनीनगर 31
बीकेटी 25
काकोरी 23
चिनहट 21
अलीगंज 16
गोसाईंगंज 14
मलिहाबाद 14
माल 14
मोहनलालगंज 09
कुल 198