प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग के साथ ही चकबंदी विभाग में लेखपालों के रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग में रिक्त 2674 पदों पर भर्ती कराने की योजना है।
इसके लिए नियमावली में जल्द से जल्द बदलाव का प्रस्ताव है। राजस्व विभाग की ही तरह चकबंदी में भी लेखपाल होते हैं।
राजस्व विभाग में लेखपालों के 7000 रिक्त पदों पर भर्ती को लेकर काफी पहले से लिखा-पढ़ी चल रही है। इस बीच, चकबंदी विभाग ने भी लेखपालों के रिक्त पदों को भरने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। यहां 2674 पद रिक्त हैं।
भर्ती प्रक्रिया में भारी अंतर
मुख्य सचिव आलोक रंजन ने राजस्व विभाग की ही तरह यहां भी लेखपाल भर्ती की कार्रवाई शुरू कराने का निर्देश दिया था।
जानकार बताते हैं कि राजस्व व चकबंदी विभाग के लेखपालों की भर्ती के लिए योग्यता व कामकाज समान है। पर, दोनों की भर्ती नियमावली में अंतर है।
राजस्व विभाग के लेखपालों की मौजूदा भर्ती नियमावली में जहां 90 नंबर की लिखित परीक्षा और 10 नंबर के इंटरव्यू का प्रावधान है वहीं चकबंदी विभाग में 60 नंबर की लिखित परीक्षा और 40 नंबर का इंटरव्यू है।
कैबिनेट ने दी मंजूरी
चकबंदी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले दिनों मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों ही विभागों में लेखपालों की भर्ती के लिए 80 नंबर की लिखित परीक्षा और 20 नंबर के इंटरव्यू वाली समान नियमावली बनाकर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात तय हुई थी।
राजस्व विभाग पहले से ही नियमावली में संशोधन के लिए जुटा था। अब चकबंदी विभाग ने भी इस बारे में काम शुरू कर दिया है। कैबिनेट से प्रस्ताव को मंजूरी दिलाकर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।