सूबे में खोले गए नए राजकीय औद्योगिक संस्थानों (आईटीआई) में करीब 2300 कार्मिकों की भर्ती की कवायद शुरू हो गई है। शासन से मंजूरी के बाद व्यावसायिक शिक्षा विभाग ने अनुदेशक (शिक्षक), स्टोर कीपर और कनिष्ठ सहायकों के पदों पर भर्ती के लिए राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेज दिया है।
इसके अलावा आउटसोर्सिंग के जरिए चपरासियों की भी भर्ती की जाएगी। इस प्रकार 2,319 पदों पर भर्ती होने जा रही है।
बता दें, सूबे में 44 नए आईटीआई खोले गए हैं, जहां जरूरत के मुताबिक अनुदेशक, कनिष्ठ सहायक, स्टोर कीपर और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती किए जाने हैं।
इसके मद्देनजर व्यावसायिक शिक्षा निदेशालय को जरूरत के मुताबिक नए पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया था। निदेशालय ने पिछले महीने ही प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया था।
इसमें अनुदेशक के 1141, कनिष्ठ सहायक के 228 और स्टोर कीपर के 50 पद शामिल हैं। शासन से मंजूरी के बाद कुल 1419 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के लिए निदेशालय ने राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेज दिया है।