राजकीय व सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इंटर तक बेहतर शिक्षा देने के लिए 680 विकास खंडों में जल्द ही मॉडल स्कूल खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मुख्य सचिव आलोक रंजन ने सोमवार को इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। वह माध्यमिक शिक्षा व उच्च शिक्षा कार्यक्रमों की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्य सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत नए राजकीय हाईस्कूल भवनों का निर्माण निर्धारित मानक अनुसार समय से पूरा कराएं। मॉडल स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती कर उनको प्रशिक्षण दिलाया जाए। इन स्कूलों में छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया साफ सुधरी होनी चाहिए।
दाखिला पाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में 14 से 18 वर्ष के सभी छात्र-छात्राओं को अनिवार्य रूप से शिक्षा दी जाए।
छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनवाए जाएंगे। मॉडल स्कूल व बालिका छात्रावास तथा कंप्यूटर शिक्षा योजना के लिए केंद्र से मिले पैसे को निरंतर जारी किया जाता रहे।