बलरामपुर अस्पताल का मामला, डॉक्टरों से पौधरोपण के नाम पर लिए तीन-तीन हजार रुपये
बलरामपुर अस्पताल में बीते दिनों पौधे लगाने के नाम पर हर डॉक्टर से तीन-तीन हजार रुपये लिए गए। पौधरोपण के नाम पर डॉक्टरों से हुई वसूली की शिकायत शासन में हुई है।
मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। चर्चा है कि अफसर डॉक्टर से रुपये लेने मामले में उनके बयान दर्ज करके रिपोर्ट शासन को भेजेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
बलरामपुर अस्पताल में करीब 70 डॉक्टर हैं। आरोप है कि डॉक्टरों से लिए गए रुपये से करीब 90 पौधे लगाए गए। इसमें ट्री-गार्ड भी मंगाया गया था।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों में 50-50 पौधे मुफ्त दिए थे। प्रदेश के किसी भी सरकारी अस्पताल में पौधरोपण के नाम पर डॉक्टरों से रुपये नहीं लिए गए थे।
बलरामपुर अस्पताल में ही वसूली का मामला सामने आया है। डॉक्टरों का कहना है कि रुपये देने वाले हर डॉक्टर के नाम से एक पौधा लगाया गया है।
ट्री-गार्ड पर उस डॉक्टर से एक नेम प्लेट भी लगाई है। जिन डॉक्टरों ने शुल्क नहीं दिया उनके नाम से एक भी पौधा नहीं लगाया गया है। इसे लेकर विरोध भी शुरू हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग के नहीं लगाए पौधे
निदेशक, बलरामपुर अस्पताल, डॉ. राजीव लोचन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के जरिये छोटे पौधे मुहैया कराए जा रहे थे। लिहाजा उन पौधों को नहीं लगाया गया। अस्पताल में बड़े छायादार वृक्ष के पौधे लगाए गए हैं। इसलिए डॉक्टरों से तीन-तीन हजार रुपये लिए गए थे। इसमें ट्री-गार्ड व खाद भी डलवाई गई है।