भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष राजीव कृष्ण ने बताया कि 26 दिसंबर से होने वाली दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षा के लिए सभी जिलों में बोर्ड का गठन किया गया है। इसमें पुलिस के अलावा जिला प्रशासन, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। इनकी देखरेख में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। वहीं, परीक्षा के दौरान किसी भी तरह गड़बड़ी व सेंधमारी रोकने के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। इसके लिए अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। कोई भी गड़बड़ी पाए जाने पर अभ्यर्थी का आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।
यदि अभ्यर्थी अपनी शारीरिक मानक परीक्षा से संतुष्ट नहीं है तो वह उसी दिन अपनी आपत्ति/अपील दाखिल कर सकता है। इसका निस्तारण करने के लिए बोर्ड द्वारा एक अपर पुलिस अधीक्षक को नामित किया जाएगा, जो अपनी मौजूदगी में दोबारा परीक्षा कराएगा। जो अभ्यर्थी दोबारा परीक्षा में असफल हो जाएंगे, उनको भर्ती के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया जाएगा और उनकी अपील आगे स्वीकार नहीं होगी। वहीं यदि कोई अभ्यर्थी नियत दिनांक, समय और स्थान पर परीक्षण में शामिल होने में असफल रहता है तो वह संबंधित जिले के नोडल अधिकारी को इसके कारणों का हवाला देकर अन्य तिथि पर परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रत्यावेदन दे सकता है।