मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी पत्नी सांसद डिंपल यादव विधानभवन में जिस लिफ्ट में फंसे थे, उसकी वजह पता चल गई है। तकनीकी जांच समिति ने पाया है कि लिफ्ट टेक्निकल फाल्ट की वजह से फंसी थी। बहरहाल घटना की आपराधिक जांच अभी जारी है।
मुख्यमंत्री के लिफ्ट में फंसने के कारणों का पता लगाने के लिए गठित पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता वाईके गुप्ता की अध्यक्षता वाली तकनीकी समिति ने अपनी रिपोर्ट मंगलवार को राज्य संपत्ति अधिकारी बृजराज सिंह यादव को सौंप दी।
इस समिति में निदेशक विद्युत सुरक्षा निदेशालय, डिप्टी एसपी प्रदीप कुमार वर्मा व अधिशासी अभियंता विद्युत खंड अभय कुमार गुप्ता शामिल थे। राज्य संपत्ति अधिकारी यादव ने बताया कि समिति के मुताबिक माइक्रो प्रोसेसर बेस्ड सॉफ्टवेयर के ठीक से काम न करने की वजह से लिफ्ट फंस गई थी।
उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर लिफ्ट कहीं फंसती है तो वह नीचे आकर खुल जाती है। मगर, इस मामले में ऐसा भी नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि समिति ने लिफ्ट बनाने वाली कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया था।