राजधानी लखनऊ में होली व ईद से पहले शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। विभाग की टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 16 खाद्य नमूने संग्रहित किए।
सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया जांच के दौरान जेहटा माल सड़क पर दो पिकअप गाड़ियों को रोककर तलाशी ली गई। गाड़ियों में खोवा लदा था जिसकी गुणवत्ता जांच में खराब मिली। इस तरह 113 किलोग्राम खोवा को तत्काल नष्ट करा दिया गया। करीब 13 क्विंटल खोवा की बिक्री को जांच रिपोर्ट आने तक रोका गया है।
ऐशबाग में 10 कारोबारियों के यहां से करीब 12.8 क्विंटल खोवा का नमूना लेकर बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया। 49 किलो आलू चिप्स का सीजर बनाकर नमूने को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिठाइयों पर सजी चमकदार परत हमारी नजर और स्वाद दोनों को लुभा लेती है, लेकिन यही चमक सेहत पर भारी भी पड़ सकती है। दरअसल, कुछ लोग ज्यादा फायदे के लिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आते। ये लोग चांदी के वर्क के नाम पर एल्युमीनियम का वर्क मिठाइयों पर लगाते हैं। खाद्य सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार साधारण घरेलू तरीके से भी असली और नकली वर्क की पहचान की जा सकती है।