भर्ती प्रक्रिया बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते अभ्यर्थी (फाइल फोटो)।
- फोटो : amar ujala
उप्र. अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने ग्राम विकास अधिकारी पद पर भर्ती के लिए उन अभ्यर्थियों का नए सिरे से इंटरव्यू लेने का फैसला किया है, जिनका साक्षात्कार हो चुका है और नियुक्ति आदेश जारी नहीं हुई है। इससे पहले उन अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा, जो साक्षात्कार से छूटे हैं।
आयोग जल्द ही इंटरव्यू शुरू करने जा रहा है। मार्च के अंतिम सप्ताह में साक्षात्कार शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय मंगलवार को आयोग की होने वाली बैठक में होगा।
ग्राम विकास अधिकारी के करीब 16000 पदों पर भर्ती परीक्षा सपा शासन में हुई थी और 3000 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होना बाकी था। लेकिन बीच में विवाद खड़ा होने से साक्षात्कार भी रोक दिया गया था। अब अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का नए सिरे से गठन हो चुका है और सभी पुरानी भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा हो रही है। इसी के तहत आयोग ने ग्राम विकास अधिकारी पद की परीक्षा पास करने वाले सभी अभ्यर्थियों का फिर से इंटरव्यू लेने का फैसला किया है।
आयोग के अध्यक्ष सीबी पालीवाल ने बताया कि आयोग की मंगलवार को होने वाली बैठक में साक्षात्कार की तारीख तय की जाएगी। सबसे पहले उन अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा, जिनका परीक्षा पास करने के बाद भी साक्षात्कार अब तक नहीं हो पाया है। इसके बाद साक्षात्कार दे चुके अभ्यर्थियों का दोबारा इंटरव्यू लिया जाएगा।