लखनऊ। आरबीएन ग्लोबल, जीसीआरजी, सार स्पोर्ट्स और यूथ क्लब ने अपने मुकाबले जीतते हुए अखिलेश दास टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में पूरे अंक प्राप्त किए। आरबीएन ग्लोबल ने एनडीबीजी क्लब को तीन विकेट, जीसीआरजी
क्लब ने विजन क्लब को तीन विकेट, सार स्पोर्ट्स ने डिवाइन क्लब को 91 रन और यूथ क्लब ने ब्लेज विलो को 90 रन से पराजित किया। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में एनडीबीजी क्लब छह विकेट खोकर 148 रन बनाए। गुरमान ने सबसे अधिक 68 रन बनाए। सौरभ ने तीन विकेट हासिल किए। जवाब में आरबीएन ग्लोबल ने 19.4 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। आदर्श तिवारी ने
57 और अर्पित यादव ने 41 रन बनाए। वैभव राय ने चार विकेट लिए। दूसरे लीग मुकाबले में विजन क्लब ने आठ विकेट खोकर 130 रन बनाए। प्रिंस यादव ने 37 रन बनाए। सूर्यांश ने दो विकेट लिए। जवाब में जीसीआरजी क्लब ने 18.3 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। मृत्युंजय सिंह और सुजीत मौर्या ने 29-29 रन बनाए। गौरव ने तीन विकेट लिए। प्रतियोगिता के तीसरे लीग मुकाबले में सार स्पोर्ट्स ग्रुप ने पांच विकेट खोकर 194 रन बनाए। कुमार अभिनव ने नाबाद 50 और निखिल सिंह ने 47 रन का योगदान दिया। जवाब में डिवाइन क्लब की टीम 18.4 ओवर में 103 रन पर लुढ़क गई। सारांश सिंह ने सबसे अधिक 23 रन बनाए। जीतेंद्र पटेल ने चार विकेट चटकाए। चौथे लीग मुकाबले में यूथ क्लब ने सात विकेट खोकर 200 रन बनाए। विनायक निगम ने 61 और कुलदीप चौहान ने 38 रन बनाए। वात्सल्य ने तीन विकेट लिए। जवाब में ब्लेज विलो की टीम ने बारिश शुरू होने के पहले तक 17 ओवर में सात विकेट खोकर 85 रन बना लिए थे। इसके बाद निर्णायकों ने वीजेडी मैथेड से विजेता घोषित कर दिया गया।