शिवपुर (बहराइच)। नवाबगंज के शंकरा मैदान पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन व पायनियर क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में अख्तर हुसैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट जारी है। सोमवार को रवींद्र नाथ सिंह क्रिकेट क्लब और एसएम बशीर क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें रवींद्र नाथ सिंह क्रिकेट क्लब ने आठ विकेट से बड़ी जीत हासिल की।
टॉस जीतकर एसएम बशीर क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवरों में सात विकेट पर 157 रन बनाए। अरशद ने सर्वाधिक 54 रनों का योगदान दिया। रवींद्र नाथ सिंह क्रिकेट क्लब से देवाशीष राय ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रवींद्र नाथ सिंह क्रिकेट की टीम ने देवाशीष राय के 66 रनों की बदौलत मात्र 14.2 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए देवाशीष राय को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। निर्णायक की भूमिका में अकील व एहतिशाम कमाल रहे। इस दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इशरत महमूद खान, सलीम अख्तर, समर आबिदी, ताहा आबिदी आदि मौजूद रहे।