उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण (यूपीएसडीएमए) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल (सेनि.) रवीद्र प्रताप शाही ने कहा कि प्राधिकरण को आपदा प्रभावितों के प्रति और अधिक जवाबदेह बनाएंगे। ऐसा सिस्टम तैयार करेंगे, जो प्रभावित व्यक्तियों को तत्काल राहत पहुंचा सके।
प्राधिकरण ‘स्पिांसिव टू द नीड’ की थीम पर काम करे, इसका पूरा प्रयास करेंगे। ये बातें उन्होंने पिकप भवन स्थित यूपीएसडीएमए कार्यालय में बुधवार को उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद कहीं।
उन्होंने यूपीएसडीएमए के उपाध्यक्ष जैसे संवेदनशील पद की जिम्मेदारी देने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सीएम की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। सेना में रहते हुए उन्होंने देश की सीमाओं पर विषम परिस्थितियों में काम किया है, इसलिए कोशिश होगी कि उस अनुभव का लाभ आपदाग्रस्त लोगों तक पहुंचाएं।
सेना और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने के लिए एक स्थाई सिस्टम तैयार करेंगे ताकि आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचा सकें। नवनियुक्त उपाध्यक्ष ने कहा कि बाढ़ को छोड़ दें तो बहुत सी ऐसी आपदाएं हैं, जो अचानक आती हैं।
इसलिए टीम को उसी के मुताबिक तैयार करेंगे ताकि जनहानि के बिना लोगों को कम से कम समय में राहत मिल सके। इसके लिए मैनपावर, उपकरण व ट्रेनिंग की व्यवस्था की जाएगी।