लंबे अरसे से ललित कला अकादमी में खाली पड़े सचिव पद पर आखिरकार शुक्रवार को संस्कृति निदेशालय ने नियुक्ति कर दी।
बनारस के क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र के अधिकारी रत्नेश वर्मा को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बाबत शासनादेश भी जारी हो गया है।
पीसीएस रैंक के अधिकारी रत्नेश वर्मा संस्कृति निदेशालय में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी हैं।
‘अमर उजाला’ से फोन पर हुई बातचीत में नवनियुक्त सचिव रत्नेश वर्मा ने बताया कि वे सोमवार को पदग्रहण करेंगे।
आगे कहा कि कर्मचारियों का रुके हुए वेतन का जल्द समाधान कराया जाएगा।
रुकी हुई योजनाओं को गति देने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों व अधिकारियों के मध्य मधुर संबंधों बनाने के प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि अकादमी अध्यक्ष लालजीत अहीर व पूर्व सचिव अरुण त्रिवेदी के बीच उपजे विवादों से अकादमी की गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं।
पूर्व सचिव द्वारा अकादमी को बगैर सूचित किए विदेश यात्रा पर जाने की शिकायत अध्यक्ष ने संस्कृति निदेशालय से की थी। इस पर कार्रवाई करते हुए निदेशालय ने उन्हें पदमुक्त कर दिया।
इसके बाद से यह पद करीब तीन महीने तक खाली पड़ा रहा। इस दौरान कर्मचारियों को न तो समय पर वेतन मिल रहा था और न ही योजनाएं सुचारु रूप से चल रही थीं।