अमेठी। रामगंज बाजार स्थित एफसीआई के गोदाम में घटतौली का आरोप लगाते हुए शनिवार को कोटेदारों ने राशन उठान से मना कर दिया। कोटेदारों ने गोदाम पर प्रदर्शन भी किया।
अमेठी विकासखंड क्षेत्र में कुल 53 ग्राम पंचायतों में सस्ते गल्ले की 58 दुकानें हैं। सभी कोटेदारों को गांव में वितरण के लिए राशन रामगंज के गोदाम से दिया जाता है।
शनिवार को गोदाम पहुंचे कोटेदारों ने गांव में वितरण के लिए राशन ले जाने से मना कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। कोटेदारों ने आरोप लगाया कि चावल की 50.5 किलो की बोरी में 44 किलो व गेहूं की 51.5 किलो की बोरी में 46 किलो ही राशन रहता है।
जब तक तौल करके राशन नहीं दिया जाएगा, तब तक गोदाम से राशन की उठान नहीं की जाएगी। इसकी शिकायत कई बार उच्चाधिकारियों से की गई लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
गोदाम प्रभारी डॉ. कृष्णा मिश्रा ने कहा कि कार्यालय पर एक ही संविदा कर्मी की तैनाती है। ऐसे में तौल संभव नहीं हो पाती थी। अब सभी कोटेदारों को रोस्टर के हिसाब से बुलाया जाएगा और तौल कराकर ही राशन दिया जाएगा।
प्रदर्शन करने वाले कोटेदारों में राम शिरोमणि पाठक, जीत नारायण तिवारी, राम अभिलाष, सतीश कुमार, शिवबरन, अरविंद सिंह, रामनारायण, गोविंद प्रसाद आदि मौजूद रहे।