लखनऊ। आलमबाग इलाके में अपनी बड़ी बहन की ससुराल आई चार साल की मासूम से घर के ही एक 15 साल के किशोर ने दुष्कर्म कर दिया। इसकी जानकारी होने पर बहन के ससुरालियों ने मामले को दबाने की कोशिश की। लेकिन बच्ची के पिता के कहने पर बड़ी बहन ने आलमबाग थाने में किशोर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया जिस पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। उससे पूछताछ कर रही है। वहीं मासूम को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक आलमबाग धनंजय सिंह के मुताबिक, अमेठी की रहने वाली युवती की शादी आलमबाग में हुई थी। युवती का पिता नोएडा में टेलर है। युवती की मासूम बहन कुछ दिन पहले उसके पास रहकर घूमने आई थी। यहां पर बहन के ससुराल वालों के कई और रिश्तेदार रहते हैं। बच्ची रिश्तेदार के 15 वर्षीय बच्चे के साथ खेलती थी। आरोप है कि 7 जुलाई को युवती ने अपने रिश्ते के किशोर से छत पर सूखने के लिए डाले गए कपडे़ उतारकर लाने को कहा। किशोर छत पर गया। वहीं मासूम भी उसके पीछे-पीछे छत पर चली गई। वहां पर किशोर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए नीचे आई। इस पर बहन ने पूछताछ की तो उसने बहन को सब कुछ बता दिया।
पिता की धमकी पर दर्ज कराया केस
मासूम पीड़िता की बहन ने इसकी जानकारी पति को दी। पति को सूचना मिली तो पूरा परिवार परेशान हो गया। इसी बीच पति ने किशोर के पिता से इसकी शिकायत की। जिस पर उसकी पिटाई की गई। मामला दब गया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, 11 जुलाई को बच्ची के पिता को जानकारी हुई तो उसने बड़ी बेटी से सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। इस पर बच्ची की बड़ी बहन ने आलमबाग थाने में आरोपी बच्चे के खिलाफ केस दर्ज कराया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को पकड़ लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बड़ी बहन के परिवार ने आपसी राय के बाद मामले को पूरी तरह दबा दिया था। हालांकि किसी तरह 11 जुलाई को पिता को जानकारी दे दी। उसने वहां से आकर पूरे परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही। इस पर परिवार ने डर के कारण आरोपी किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।