लखनऊ। कैंट इलाके में पांच दिन पहले युवती के साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक नेे पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी। इस मामले में पीड़िता की मां ने बुधवार को कैंट थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक कैंट शिव चरण लाल के मुताबिक, युवती ने आरोप लगाया है कि कैंट निवासी युवक समीर उर्फ सचिन ने उसे कमरा बंद कर दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने युवती का अश्लील वीडियो भी बना लिया। किसी तरह युवती वहां से बचकर निकली और घर पहुंची। आरोपी युवक ने युवती को धमकी दी कि अगर उसने शिकायत की तो वह उसका अश्लील वीडियो वायरल कर देगा। पीड़िता ने परेशान होकर पूरी बात अपनी मां को बताई। पीड़िता की मां ने कैंट थाने में आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, आरोपी युवक समीर उर्फ सचिन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।