लखनऊ। इंदिरानगर निवासी एक जालसाज ने आलमबाग निवासी युवती को प्राइवेट नौकरी दिलाने के नाम पर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने हजरतगंज थाने में जालसाज अखिलेश मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
हजरतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ल के मुताबिक, युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। युवती का आरोप है कि उसको नौकरी की जरूरत थी। इसी सिलसिले में उसकी कुछ महीने पहले अखिलेश मिश्रा नाम के व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। युवती ने अखिलेश से नौकरी दिलवाने के लिए कहा। इस पर अखिलेश ने कहा कि शाइन सिटी में बात करके नौकरी लगवा दूंगा। इसी बीच अखिलेश ने अपनी बातों में फंसाकर युवती को मिलने बुलाया और दुष्कर्म किया।
अखिलेश हमेशा उसे हजरतगंज इलाके में मिलने के लिए बुलाया करता था। युवती के अनुसार, एक बार उसने बातों-बातों में बताया था कि वह इंदिरानगर इलाके में रहता है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।