लखनऊ। मड़ियांव में रहने वाली युवती को एक युवक ने प्रेम जाल में फंसाया। उसे शादी का झांसा दिया। फिर शारीरिक शोषण किया। इसी बीच युवक ने दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसकी जानकारी होने पर पहली युवती ने आपत्ति की तो उसे धमकी दी। पीड़िता ने मड़ियांव थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक मड़ियांव वीर सिंह के मुताबिक, इलाके में एक युवती अपने परिवार संग रहती है। करीब छह साल पहले उसकी दोस्ती दाऊदनगर निवासी शिवम अवस्थी से हुई। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोप है कि शिवम ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। युवती ने जब शिवम पर शादी का दबाव बनाया तो युवती से दूरी बनाने लगा।
पीड़िता के मुताबिक, इस बीच शिवम ने गुपचुप ढंग से दूसरी युवती से सगाई भी कर ली। पीड़िता को जब जानकारी हुई तो उसने विरोध किया। इस पर शिवम ने धमकी दी। पीड़िता ने मंगलवार को मड़ियांव पुलिस से शिकायत की। आरोपित शिवम के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पीड़िता का मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराया जाएगा। वहीं आरोपी की तलाश की जा रही है।