लखनऊ। आलमबाग इलाके में रविवार देर शाम बाइक सवार युवकों ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। विरोध पर पिटाई की। हमलावरों ने धमकी दी कि दुष्कर्म का मुकदमा वापस ले लो नहीं तो जान से मार देंगे। पीड़िता ने आलमबाग थाने में केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर आलमबाग शिवशंकर महादेवन के मुताबिक, पीड़िता ने विभूतिखंड थाने में अमन यादव के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज कराया था। मामले में आरोपी जेल में बंद है।
अमन के भाई संजय को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि कुछ वक्त पूर्व अमन के एक और भाई राजू यादव ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया था। बात नहीं मानने पर हमला कराने की धमकी दी थी।
पीड़िता के अनुसार, 13 अगस्त की शाम करीब पांच बजे वह इनडोर रेलवे हॉस्पिटल के पास से जा रही थी। तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
इस बीच बाइक पर पीछे बैठा युवक उतरकर पीड़िता के पास पहुंचा और विभूतिखंड थाने में दर्ज कराए मुकदमे में अमन यादव से सुलह करने के लिए कहा।
बात नहीं मानने पर डंडे से युवती को पीटना शुरू कर दिया। यह देख कुछ राहगीर मदद के लिए दौड़े तो आरोपी भाग निकले।