लखनऊ। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शादी दूसरी जगह तय हुई तो आरोपी व उसके परिजनों ने घर में घुसकर मारपीट की। मामले की जानकारी होने पर युवती के होने वाले ससुराल वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। आजिज आकर पीड़िता ने शनिवार को गुडंबा थाने में केस दर्ज कराया है।
गुडंबा में रहने वाली युवती की दो साल पहले मोबाइल फोन के माध्यम से गुडंबा के मिश्रपुर निवासी कुलदीप गौतम से दोस्ती हुई। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना लिया। कुछ वक्त पहले कुलदीप के नशे की लत का पता चलने पर पीड़िता ने दूरी बना ली। शादी का दबाव डाला तो युवती ने मना कर दिया। इस पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म किया। इस बीच युवती के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। इसकी जानकारी पर कुलदीप व उसके घरवाले युवती व उसके परिजनों को धमकाने लगे। युवती की शादी कुलदीप से कराने का दबाव बनाने लगे। ऐसा न करने पर युवती पर तेजाब फेंकने की धमकी दी।
आरोपी की हरकतों से पीड़िता की शादी भी टूटी
नौ मार्च को युवती सामान लेकर बाजार से लौट रही थी तो रास्ते में कुलदीप ने उसको रोक लिया और शादी का दबाव बनाया। मना करने पर पीड़िता को कई थप्पड़ मारे और छेड़छाड़ की। लोकलाज के चलते पीड़ित ने शिकायत नहीं की। होली के दिन दोपहर 12 बजे कुलदीप युवती के घर के बाहर पहुंचा और जबरन रंग लगाने लगा। युवती ने शोर मचाया तो उसके पिता व भाई पहुंच गए। इस पर आरोपी ने अपने परिजनों को भी बुला लिया और मारपीट की। इसकी खबर होने पर युवती की होने वाली ससुराल के लोगों ने शादी से मना कर दिया। शनिवार को पीड़िता ने आरोपी कुलदीप, उसके भाई अजय, संदीप और उनके पिता रामपाल पर केस दर्ज कराया है।