लखनऊ के सरोजनीनगर में आठ साल की बच्ची से रेप की कोशिश करने वाले उन्नाव के असोहा निवासी अरुण यादव को भीड़ ने दबोच लिया। लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई करने के बाद मिट्टी का तेल उड़ेलकर जिंदा फूंकने की कोशिश की। सूचना पाकर आई पुलिस ने आरोपी को भीड़ के शिकंजे से बचाया।
बच्ची के पिता की तरफ से एफआईआर दर्ज कर अरुण को जेल भेज दिया गया है। यह सनसनीखेज घटना शुक्रवार दोपहर की है। एसओ सुधीर कुमार ने बताया कि बच्ची इलाके के ही एक निजी स्कूल में कक्षा एक की छात्रा है। उसके पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं। शुक्रवार दोपहर अरुण यादव किराये का कमरा ढूंढने के बहाने बच्ची के घर आया।
बच्ची की मां किसी काम से बाहर गई थी जबकि पिता भीतर कमरे में लेटे थे। डोरबेल बजने पर बच्ची ने ही दरवाजा खोला। अरुण ने बच्ची से मम्मी के बारे में पूछा तो उसने किसी काम से बाहर जाने और पिता के कमरे में सोने की जानकारी दी। बच्ची को अकेला देख अरुण के भीतर का हैवान जाग उठा।