नाम बदलकर लड़कियों को अपने प्यार के जाल में फंसाने वाले बीटेक छात्र व उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों के जाल में कई युवतियां फंस चुकी हैं। इसमें से एक युवती ने अलीगंज थाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने कुछ दिन पहले इस मामले में बीटेक छात्र को गिरफ्तार किया था। उसके मोबाइल व लैपटॉप से कई युवतियों के डिटेल मिले थे। इसी आधार पर पुलिस ने मंगलवार को बीटेक छात्र के दोस्त को पीलीभीत से गिरफ्तार कर लिया। एक और आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर रामेश्वर कुमार के मुताबिक, मूलरूप से अंबेडकरनगर बसखारी निवासी शमसुल का बेटा नवाजिश बिन लखनऊ के एक कॉलेज से बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र है। नवाजिश का साथी पीलीभीत का शेर मोहम्मद छोटी मार्केट निवासी आसिम शकील भी इंजीनियरिंग कर रहा है। नवाजिश समेत तीन युवकों के खिलाफ एक युवती ने अलीगंज थाने में शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग व ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। युवती का कहना था कि नवाजिश से तीन माह पहले उसकी दोस्ती हुई थी। उस समय नवाजिश ने अपना नाम विशाल सिंह ठाकुर बताया था। नवाजिश उर्फ विशाल ने युवती को अपने प्यार के जाल में फंसा लिया और फिर शादी का झांसा देकर उससे ढाई लाख रुपये ऐंठ लिए। इस दौरान नवाजिश उर्फ विशाल ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया।
मोबाइल व लैपटॉप खंगाल रही पुलिस
सब इंस्पेक्टर कमलेश राय ने बताया कि पकड़ा गया नवाजिश बीटेक का छात्र है। उसने नाम बदलकर कई और लड़कियों से दोस्ती की है। उसके मोबाइल व लैपटॉप में कई लड़कियों के नंबर व डिटेल भी मिली है। इस मामले में उसके दोस्त आसिम शकील की पुलिस तलाश कर रही थी जिसे पुलिस टीम ने उसके घर पीलीभीत जाकर मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। युवती ने नवाजिश, आसिम व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आसिम के मोबाइल से भी पुलिस को कई लड़कियों के नंबर मिले हैं जिन्हें नाम बदलकर उन्हें प्यार के जाल में फंसाया जा रहा था। अभी एक और युवक की पुलिस को तलाश है।