ठाकुरगंज इलाके में एक युवक ने चचेरी बहन के बुटीक पर काम करने वाली युवती से दोस्ती बनाई।
उसे बहाने से कार में बैठाया और दुष्कर्म के बाद हत्या की धमकी देकर निकाहनामा पर दस्तखत कराने के साथ अश्लील फोटो खींचे।
इसके बाद ब्लैकमेल करने लगा। आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर दस लाख की मांग की।
थाने में शिकायत पर एक लाख रुपये लेकर फोटो व निकाहनामा जलाकर समझौता कर लिया। कुछ दिनों बाद फिर से ब्लैकमेलिंग पर युवती ने वीमेन पॉवर लाइन-1090 की सलाह पर केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक, मलिहाबाद के गांव केवलहार निवासी अब्बास खान ने ठाकुरगंज इलाके में अपनी चचेरी बहन के बुटीक पर काम करने वाली युवती से दोस्ती बनाई।
साल भर पहले लिफ्ट के बहाने कार में बैठाकर बालागंज की तरफ सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म के बाद हत्या की धमकी देकर निकाहनामा पर दस्तखत कराए।
इसके बाद एक गेस्टहाउस में ले जाकर अश्लील फोटो खींचे और ब्लैकमेल करने लगा। कई महीने इशारे पर नचाने के बाद अब्बास ने फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दस लाक की मांग की।
इससे घबराई युवती ने परिवारीजनों को आपबीती सुनाई। परिवारीजनों ने अब्बास के माता-पिता से शिकायत की। वह भड़क उठे। कुछ लोगों की मध्यस्थता पर एक लाख रुपये लेकर निकाहनामा व फोटो जलाने का समझौता हुआ।
इसके कुछ दिनों बाद अब्बास ने असल निकाहनामा व फोटो अपने पास सुरक्षित होने की बात कहकर फिर से ब्लैकमेलिंग शुरू की। इसकी शिकायत पर पुलिस ने 21 अप्रैल को दोनों पक्षों को थाने में तलब करके लिखित समझौता करा दिया।
आरोप है कि अब्बास कुछ दिनों बाद युवती के फोटो वायरल करने के साथ उसे बदनाम करने लगा। परेशान युवती अपने परिवार के साथ विदेश चली गई लेकिन अब्बास ने पीछा नहीं छोड़ा।
ब्लैकमेलिंग व परिवारीजनों को धमकी से तंग आकर युवती ने वीमेन पॉवर लाइन-1090 पर कॉल की। थाने में शिकायत की सलाह पर उसने ठाकुरगंज थाने में केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर दीपक दुबे ने बताया कि तफ्तीश एसआई रंजीत कुमार सिंह को सौंपी गई है।