लखनऊ। बीकेटी स्थित राम सागर मिश्र हॉस्पिटल को शनिवार को एनक्यूएएस (राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक) का प्रमाण पत्र मिला। अस्पताल को अब तीन साल तक हर बेड के हिसाब से हर वर्ष 10 हजार रुपये मिलेंगे।
अस्पताल में 140 बेड हैं। ओपीडी में हर दिन एक हजार से अधिक मरीज आ रहे हैं। शिशुओं के लिए अलग वार्ड बनाया गया है। सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि एनक्यूएएस प्रमाण-पत्र के लिए हॉस्पिटल का चुना जाना खुशी की बात है।
मिलने वाली धनराशि का 75 प्रतिशत हिस्सा अस्पताल को बेहतर बनाने पर खर्च किया जा सकेगा। 25 फीसदी प्रोत्साहन धनराशि कर्मचारियों में वितरित की जाएगी। इस मौके पर विधायक योगेश शुक्ला व एमएलसी पवन सिंह चौहान ने हॉस्पिटल प्रशासन को बधाई दी है।
प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बधाई देते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। महानिदेशक डॉ. आरपीएस सुमन और एडी मंडल लखनऊ डॉ. जीपी गुप्ता ने भी बधाई दी है।