राजधानी लखनऊ में सोमवार को सुबह मामूली टक्कर के बाद कांवड़ियों ने स्कूल वैन पर पथराव कर दिया। लाठी-डंडों से वैन के शीशे तोड़ दिए। इससे वैन में सवार चार छात्राएं सहम गईं। उन्हें मामूली चोटें भी आई हैं। राहगीरों के विरोध और पुलिस के पहुंचने पर आरोपी कांवड़िये भाग निकले। पुलिस ने चालक आमिर की तहरीर पर जानलेवा हमले की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
घटना चौक क्षेत्र के चरक चौराहे की है। मूल रूप से मौलवीगंज निवासी आमिर छात्राओं अमायरा, बैतूल, आर्या और रोशनी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। सोमवार के कारण सड़क पर काफी भीड़ थी। चरक चौराहे पर वैन आगे जा रहे कांवड़ियों के समूह की बाइक से छू गई।
इस पर कांवड़िये आग बबूला हो गए। वह गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने वैन पर पथराव शुरू कर दिया। लाठियों और डंडों से वैन के शीशे तोड़ दिए। घटना से वैन में बैठीं छात्राएं डर के कारण चीख-पुकार मचाने लगीं। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
प्रदर्शन कर रखी कार्रवाई की मांग
कांवड़ियों की अराजकता को देखते हुए राहगीर जरीन और अन्य लोगों ने वहीं प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस बीच किसी ने आरोपियों का वीडियो बना लिया। इसे देखकर वे भागने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराया। वैन में सवार छात्राओं के अभिभावकों को जानकारी दी गई। इस पर अभिभावक उन्हें ले गए।
टी-शर्ट पर लिखा था तूफानी डाक कांवड़
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भागते दिख रहे कांवड़ियों में से एक की टीशर्ट पर तूफानी डाक कांवड़ और अभिषेक राजपूत नंबर 28 लिखा हुआ दिखा। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि वीडियो के जरिये आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।
कांवड़ियों की अन्य टुकड़ी का उत्पात
इसके अलावा कन्वेंशन सेंटर के पास भी कांवड़ियों की एक अन्य टुकड़ी ने सोमवार सुबह करीब 10:35 बजे जमकर उत्पात मचाया। कांवड़िये जाम में फंसे लोगों से गाली-गलौज करते दिखे। वे हाथ में प्लास्टिक का पाइप लेकर टेंपो और ई रिक्शे पर मारते रहे। उन्होंने चालकों और अन्य राहगीरों से भी अभद्रता की।