रायबरेली। आखिरकार हम सभी को जिस घड़ी का इंतजार था, वह आ गया है। दशकों के इंतजार के बाद सोमवार को अयोध्या में भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि जिले में भी भगवान के आगमन को लेकर पूरा जिला राममय हो गया है।
इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रविवार को कहीं पर श्रीरामचरित मानस का पाठ शुरू हो गया तो कहीं पर मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे। सोमवार को कई स्थानों पर सुंदरकांड का पाठ होगा। मंदिरों में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। इसमें रामभक्तों का जमावड़ा लगेगा। मंदिरों में संकीर्तन के साथ खूब आतिशबाजी होगी। हर तरफ दिवाली जैसा उल्लास है।
अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर रामभक्तों में गजब का उत्साह दिख रहा है। शहर में रेलवे स्टेशन, बेलीगंज, आचार्य द्विवेदी नगर, रतापुर और कस्बों में श्रीरामचरितमानस का पाठ शुरू हुआ। शहर के चंदापुर कोठी स्थित जगमोहनेश्वर मंदिर, डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित पहलवान वीर बाबा मंदिर, फायर ब्रिगेड स्थित शिव मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित मंसा देवी मंदिर, दक्षिण मुखी मंदिर, रामजानकी मंदिर, भवानी पेपर मिल स्थित अभयदाता मंदिर को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है।
देहात क्षेत्रों में भी मंदिरों को सजाया गया है। चाहे फिर शहर हो या फिर देहात क्षेत्र। हर ओर राम मय और दिवाली जैसा उल्लास लोगों के चेहरे पर है। सभी ने घरों को भी रोशनी से जगमग कर दिया है। आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद ने मंदिरों में एलईडी स्क्रीनें लगाकर अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कराने का निर्णय लिया है।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि 22 तारीख का दिन हम सबके लिए ऐतिहासिक है। अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम को आसानी से देख सकें, इसके लिए शहर के साथ ही देहात क्षेत्रों के प्रसिद्ध मंदिरों में अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया जाएगा। आरएसएस के विभाग सेवा प्रमुख गया प्रसाद शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। लाइव प्रसारण के साथ ही दीपोत्सव, संकीर्तन कार्यक्रम के साथ आतिशबाजी करने का निर्णय लिया गया है।
यहां पर लगेंगी एलईडी स्क्रीनें
पहलवान वीर बाबा मंदिर डिग्री कॉलेज चौराहा, जगमोहनेश्वर महादेव मंदिर चंदापुर कोठी, दुर्गा मंदिर टीला धुन्नी सिंह नगर, शिव मंदिर सैय्यद राजन, शिव मंदिर कैनाल रोड, हनुमान मंदिर कैनाल रोड, मंसा देवी रेलवे स्टेशन, अभय दाता मंदिर भवानी पेपर मिल, हनुमान मंदिर इंदिरा उद्यान, भारत माता मंदिर शहीद स्मारक मुंशीगंज, शीतला माता मंदिर अहियारायपुर, चंपा देवी मंदिर अहियारायपुर, दुर्गा मंदिर राजकीय कॉलोनी, पौराणिक शिव मंदिर नसीराबाद, शिव पालेश्वर मंदिर बड़ागांव अमावां, शंकरजी मंदिर बंदीपुर, दुर्गा धाम सेमरा राही, शिव मंदिर अमावां, माता मिढ़ुरिन मंदिर परशदेपुर, बाबा माधवबक्श शिव मंदिर सलोन, रामजानकी मंदिर शिवगढ़, हनुमान मंदिर दरीबा सतांव में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।