लखनऊ। लुधियाना के राम प्रकाश ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चेस महाराजा सीरीज-1 रैपिड ओपन शतरंज टूर्नामेंट में विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में चेस क्लब ब्लैक एंड व्हाइट (सीसीबीडब्ल्यू) की ओर से रविवार को आयोजित तीन लाख रुपये की इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में राम प्रकाश ने 10 राउंड में से 9.5 अंक हासिल किए।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्तर प्रदेश महिला क्रिकेट सीनियर समिति की अध्यक्ष प्रियंका शैली मिश्रा ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। राम प्रकाश ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक ड्रॉ सतना के सौरभ चौबे के खिलाफ खेला। आरा के सुधांशु रंजन ने 8.5 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जो एकमात्र मुकाबला राम प्रकाश के खिलाफ हारे। सीनियर सिटीजन वर्ग में दिल्ली के हरिओम शर्मा ने 7.5 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।
कानपुर के अनिल बाजपेयी और लखनऊ के पंकज सक्सेना सात-सात अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में वाराणसी की सुमन कुमारी को सात अंकों के साथ शीर्ष स्थान मिला। कानपुर की शिमोन लता 5.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
इसके अलावा लक्ष्य द्विवेदी (अंडर-16), सारांश शुक्ला (अंडर-15), शौर्य चहल (अंडर-14), अरुण कुमार (अंडर-13), यश कुमार अग्रहरि (अंडर-12), आद्विक माहेश्वरी (अंडर-11), आरव सिंह (अंडर-10) और उत्कृष्ट मिश्रा (अंडर-9) आयुवर्ग में विजेता बने।