अयोध्या में तैनात कमांडो
- फोटो : अमर उजाला
एडीजी ने बताया कि श्रद्धालुओं के दृष्टिगत रेलवे स्टेशनों पर तैनात किए गये पीएसी और जीआरपी के कर्मी अगले दो माह तक तैनात रहेंगे। दरअसल, जल्द ही अयोध्या के लिए आसपास के जिलों से बृहस्पतिवार को मेमू ट्रेनें भी शुरू होने जा रही हैं। अयोध्या में आने-जाने वाली ट्रेनों का रेलवे बुलेटिन भी जारी करेगा ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो और स्टेशनों पर अतिरिक्त भीड़ नहीं उमड़े।
28 तक तैनात रहेंगे अधिकारी
वहीं दूसरी ओर बुधवार को प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार वापस राजधानी आ गए। डीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि अयोध्या में तैनात अधिकारियाें को 26 जनवरी तक तैनात रहने को कहा गया है। सूत्रों की मानें तो शनिवार और रविवार को अवकाश की वजह से इसे 28 जनवरी तक बढ़ाने की तैयारी है। अधिकारियों का अनुमान है कि बसंत पंचमी तक श्रद्धालुओं का अयोध्या में आने का सिलसिला जारी रहेगा।
रोजाना पांच लाख से अधिक लोग करेंगे दर्शन
अयोध्या में अगले कुछ दिनों तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालु रोजाना दर्शन करने आने का अनुमान है। दरअसल, आस्था स्पेशल और सामान्य ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। मंगलवार को डायवर्जन की वजह से तमाम वाहनों को अयोध्या में प्रवेश नहीं करने दिया गया था। अब निजी वाहनों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागन होने से भीड़ बढ़ सकती है।