सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने मंगलवार को अपने गृह जनपद की कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों पर चिंता जाहिर की। बोले, मुख्यमंत्री के जिले में लूट, डकैती, चोरी आदि की घटनाएं होना शर्म की बात है। थानाध्यक्षों को सब कुछ मालूम होता है, फिर भी वारदात दर वारदात होती रहती हैं।
उन्होंने कहा कि इटावा सबसे वीआईपी जिला है। यहां भी ऐसी घटनाएं होती हैं तो शर्म आती है। एसएसपी की ओर मुखातिब होकर बोले, इस पर बहुत सख्ती की जरूरत है। सिर्फ इस वजह से कार्रवाई नहीं रुकनी चाहिए कि कोई सख्त सत्ता पक्ष से जुड़ा है। प्रो. रामगोपाल मंगलवार को यहां डा. राममनोहर लोहिया पार्क का उदघाटन करने पहुंचे थे।
बढ़ते अपराधों पर चिंता जाहिर करने के दौरान वे आगे बोले कि एसएसपी को कुछेक थानाध्यक्षों को सस्पेंड कर देना चाहिए। किसी भी थानाक्षेत्र में मोटर साइकिलें चोरी हों तो यह जिम्मेदारी संबंधित थानाध्यक्ष की है।
थानाध्यक्ष सारे जेबकतरों को जानते हैं। इन सबको जेल में होना चाहिए। उन्होंने एसएसपी से कहा कि एकाध थानाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी। कुछ को सस्पेंड करना पड़ेगा। तभी लोग ठीक होंगे।
'आईएएस या आईपीएस का कोई क्या बिगाड़ सकता है'
उन्होंने कहा कि इस वजह से सख्ती नहीं रुकना चाहिए कि कोई व्यक्ति सत्ता पक्ष से जुड़ा न हो। अफसरों को यह संदेह बना रहता है कि कोई नुकसान न कर दे। रामगोपाल ने कहा कि आईएएस या आईपीएस का कोई क्या बिगाड़ सकता है।
ज्यादा से ज्यादा ट्रांसफर हो जाएगा, लेकिन कोई गुंडा किसी भी पार्टी का हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी ही चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी बदमाश को पकड़ लें तो उसे किसी की सिफारिश पर न छोड़ें।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में यादव ने कहा कि मसला कानून व्यवस्था का नहीं है। यह घटनाएं हिंदुस्तान के किसी भी राज्य में हो सकती हैं और होती हैं। चोर राष्ट्रपति भवन से भी चोरी कर ले जाता है। इसलिए सावधान रहना चाहिए।
'अच्छे दिनों' का इंतजार कीजिए
मोदी की लहर को लेकर हुए सवाल पर सपा नेता ने कहा कि लहर होती तो पार्लियामेंट चुनाव में इतना बहुमत मिला था और जिस महाराष्ट्र में सारी सीटें जीत गए थे क्या वहां बहुमत मिला उन्हें।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को ध्वस्त कर दिया है। प्रदेश में आरएसएस की बढ़ती गतिविधि पर यादव ने यह कहते हुए कमेंट करने से इंकार कर दिया कि आरएसएस को कौन नहीं जानता है। वहीं अच्छे दिन आने के सवाल पर उन्होंने तंज कसा कि अभी थोड़ा और इंतजार कीजिए।