राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी भी राजस्थान में 5-6 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। इसके लिए कांग्रेस से गठबंधन होगा। जबकि, अन्य राज्यों में पार्टी कांग्रेस का समर्थन करेगी। उत्तर प्रदेश पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन यहां भी पार्टी गैरभाजपा गठबंधन में शामिल होकर चुनाव लड़ेगी।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद व राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दूबे ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए दोनों नेताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव में काफी समय बाकी है, इसलिए अभी से कयास लगाना ठीक नहीं होगा।
डॉ. मसूद ने अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर स्टेडियम का नामकरण करने पर कहा कि मुख्यमंत्री का यह फैसला अटलजी के व्यक्तित्व का अपमान है। अगर उनके नाम पर कुछ करना है तो सीएम को जल्दबाजी में फैसला न लेकर कोई बड़ा काम करना चाहिए।