भारत के केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पाकिस्तान यात्रा को इनोवेटिव डिप्लोमेसी कहा। उनका कहना है कि मोदी ने पाकिस्तान यात्रा कर दुनिया को सहिष्णुता का संदेश दिया है।
विज्ञापन
गृहमंत्री का कहना है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दुनिया में देश का मान बढ़ा रहे हैं। इसीलिए मोदी सरकार के बेहतर कामकाज से चिढ़े लोगों ने असहिष्णुता के नाम पर सरकार को बदनाम करने का अभियान चला रखा है।
सरकार असहिष्णु होती तो प्रधानमंत्री मोदी बिना किसी तय कार्यक्रम के पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को जन्मदिन की बधाई देने उनके घर न पहुंच जाते। सहिष्णुता तो भारतीय संस्कृति में है।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान जाकर ‘इनोवेटिव डिप्लोमेसी’ से यही संदेश दिया है। शनिवार को राजनाथ सिंह यहां निराला नगर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सुशासन दिवस’ पर आयोजित संगोष्ठी में बोल रहे थे। गोष्ठी के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत भी इसी तरह की बातें कहीं।
ऐसी डिप्लोमेसी अभी तक दुनिया ने नहीं देखी
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि इस तरह की डिप्लोमेसी दुनिया में अभी तक कहीं नहीं देखी गई। योग के सहारे पहले ‘कल्चरल डिप्लोमेसी’ का संदेश देने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान के साथ ‘इनोवेटिव डिप्लोमेसी’से यह साबित कर दिया है कि हम पड़ोसियों से बेहतर रिश्ते रखना चाहते हैं। इस डिप्लोमेसी का अर्थ पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति का संदेश पहुंचाना है।
प्रयत्न तो होते रहने चाहिए: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी पाकिस्तान से रिश्ते सुधारने के तमाम प्रयास किए, पर नतीजे बेहतर नहीं रहे, इस सवाल पर राजनाथ सिंह ने कहा दुनिया के दूसरे देशों से रिश्तों में उतार-चढ़ाव तो लगा ही रहता है। पर, प्रयत्न तो होते रहने चाहिए। बातचीत से बड़ी से बड़ी समस्याएं हल हो जाती हैं।
भारत शुरू से ही पड़ोसियों से सौहार्दपूर्ण रिश्ते रखने का पक्षधर है। प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान जाकर यही बताया है कि प्रयत्न से क्यों चूको। रही बात देश की, तो मौजूदा सरकार किसी भी स्थिति में देश की प्रतिष्ठा पर आंच नहीं आने देगी।
दाऊद पर इंतजार करें : दाऊद को लेकर केंद्र सरकार क्या कर रही है? इस सवाल पर केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि प्रतीक्षा कीजिए। जो भी नतीजे सामने आएंगे, वे अच्छे ही होंगे। केंद्र के ध्यान में सारी बाते हैं। पर, अभी इंतजार करने की बात ही कही जा सकती है।
जेटली पर आरोप पूरी तरह बेबुनियाद
गृहमंत्री ने वित्तमंत्री अरुण जेटली पर लगे आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। इस बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जेटली की निष्ठा पर संदेह नहीं किया जा सकता। इस सवाल पर कि यह आरोप किसी दूसरे ने नहीं बल्कि भाजपा के ही सांसद ने लगाए हैं, तो सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया।
बुंदेलखंड पर सरकार से बात करेंगे बुंदेलखंड में कुछ जगह लोगों के घास की रोटी खाने की खबर को लेकर हुए सवाल पर राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी जानकारी में अभी इस तरह का मामला नहीं आया है। अगर ऐसा है तो यह गंभीर मामला है। इस पर वह राज्य सरकार से बातचीत करेंगे।
अटलजी ने दिया सुशासन का संदेश: गोष्ठी में गृहमंत्री ने कहा कि देश के शीर्ष नेता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन का संदेश दिया था। मोदी की सरकार उसे ही आगे बढ़ा रही है। वाजपेयी जी के रास्ते पर नीतियों को लागू किया जा रहा है। मुद्रा बैंक की स्थापना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना और गरीबों के लिए बीमा योजना सुशासन की दिशा में ही उठाए गए कदम हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा इंसान-इंसान में अंतर नहीं करती। अटलजी के समय से ही पार्टी अल्पसंख्यकों की चिंता करती रही है। उन्हें जोड़ने की कोशिश कर रही है। इसीलिए मौजूदा केंद्र सरकार ने भी ‘सबका साथ-सबका विकास’ नारा दिया।
पूर्व सांसद लालजी टंडन ने कहा कि बिना समाज के परिवर्तन के राज्य की व्यवस्था नहीं बदल सकती। महापौर डॉ. दिनेश शर्मा ने अटल और आडवाणी की तरह ही प्र्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की जोड़ी देश को आगे बढ़ा रही है।
गोष्ठी को मोहनलालगंज से सांसद कौशल किशोर, डॉ. नीरज बोरा, क्षेत्रीय मंत्री राजीव मिश्र, महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह ने भी संबोधित किया।
पर, अटल की तस्वीर तक नहीं संगोष्ठी तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में थी। विषय भी अटलजी की सरकार के नारे ‘सुशासन’ का था। पर, मंच पर लगे बैनर में अटल की तस्वीर तक नहीं थी। संगोष्ठी में आए लोगों के बीच यह बात चर्चा का विषय रही।