सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी झूठ की खेती करके हिंदुस्तान का प्रधानमंत्री बनने को मुंगेरीलाल जैसा हसीन सपना देख रहे हैं।
मोदी की मेरठ रैली पर टिप्पणी करते हुए राजेंद्र चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि को अलगाववादी धारा के कीचड़ में लपटने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होने वाला है।
मोदी की एकता व सद्भाव की बातें महज मजाक लगती है। लोग महीनों चले दंगे व तत्कालीन प्रधानमंत्री अटलजी की ‘राजधर्म’ निभाने की सीख को ठुकराने वाले गुजरात के मुख्यमंत्री को भूल नहीं सकते हैं।
सपा प्रवक्ता ने कहा, मोदी का भाषण तथ्यों से परे ही रहा। गन्ना किसानों के लिए झूठी हमदर्दी दिखाने वाले मोदीजी को मालूम होना चाहिए कि अभी हाल में मेरठ की मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुरू कराई है।
बिजली संकट पिछली सरकार की देन है। उनके भाषणों से लगता है कि वे गुजरात को पूरा हिंदुस्तान समझ बैठे हैं। छह करोड़ की आबादी वाले गुजरात की तुलना 20 करोड़ से ज्यादा जनसंख्या वाले यूपी से करना हास्यास्पद है।
पत्नी का तिरस्कार बहू-बेटी के सम्मान की बात राजेंद्र चौधरी ने कहा कि मोदी बहू-बेटियों के सम्मान व सुरक्षा की बात पता नहीं किस मुंह से करते हैं। उन्होंने गुजरात की ही एक बेटी का जीवन अभिशप्त बना दिया है।
अग्नि के समक्ष फेरे लेकर वह 17 साल की अपनी पत्नी यशोदा बेन को घर में लाए और उपेक्षा एवं तिरस्कार के साथ पूरा जीवन अकेले, बिना किसी के सहारे जीने के लिए छोड़ दिया।
उनसे यह आशा कैसे की जा सकती है कि वह सीमा पर संकट व राष्ट्र के समक्ष पेश होने वाली समस्याओं का सामना करेंगे। उनका 56 इंच का नकली सीना सबको दिख गया है।