सपा के प्रदेश प्रवक्ता और जेल एवं खाद्य रसद मंत्री राजेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश में सांप्रदायिकता को फिर हवा देना शुरू कर दिया है।
इन दोनों दलों की मिलीभगत से ही अयोध्या में बाबरी मस्जिद का विध्वंस हुआ था। जनता ने दोनों दलों को सबक सिखाया है।
लोकसभा चुनाव के पहले वे चाहे जितनी कोशिश करें, उनकी काठ की हांडी दुबारा चढ़ने वाली नहीं है। चौधरी ने कहा, सपा धर्मनिरपेक्षता से कोई समझौता नहीं करती।
पार्टी ने हमेशा मुस्लिमों के हक की लड़ाई लड़ी है, उन्हें रोजी-रोटी तथा सम्मान से जीने का अवसर देने की पहल की है। मुलायम सिंह यादव ने अपनी सरकार गंवाने का खतरा उठाकर भी बाबरी मस्जिद को बचाया था।
उर्दू अनुवादकों, शिक्षकों की नियुक्तियां भी उन्होंने की थीं, जो आज भी जारी है। सपा सरकार ने अपने 17 माह के कार्यकाल में विकास का नया एजेंडा शुरू किया है।
जनता जानती है कि कांग्रेस का हाथ गरीबों नहीं, अमीरों के साथ है। भाजपा के पास कोई जन कल्याणकारी मुद्दा नहीं है। बसपा नीति, नियम, कार्यक्रम रहित पार्टी है।