दिल्ली में कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद के घर दिन भर चली बैठक के बाद राज बब्बर को यूपी की कमान सौंपी गई है। 2017 के चुनाव को देखते हुए सभी पार्टियां एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं वहीं कांग्रेस ने यूपी के अध्यक्ष पद के लिए ऐसे नाम की घोषणा की जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।
आजाद के यूपी प्रभारी बनने के बाद से ही प्रदेश कांग्रेस में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं। इस बीच कई बार निर्मल खत्री को हटाने की चर्चाएं भी चलीं। वहीं निर्मल खत्री ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया। उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया गया।
इसके बाद दिल्ली में गुलाम नबी के साथ बैठक के बाद यूपी के प्रदेश अध्यक्ष के लिए राज बब्बर का नाम फाइनल हो गया। गुलाम नबी ने मंगलवार शाम राज बब्बर को यूपी का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। इससे पहले प्रियंका गांधी ने गुलाम नबी से मुलाकात की थी।
बता दें कि अध्यक्ष पद के लिए संजय सिंह और जतिन प्रसाद के नाम की अटकलें लगाई जा रही थीं वहीं राज बब्बर को चुनाव प्रचार के लिए लाने की बात सामने आ रही थीं लेकिन आज प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर गुलाम नबी ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। हालांकि सीएम पद के लिए यूपी से कांग्रेस का उम्मीदवार कौन होगा, इस बात की घोषणा अभी तक नहीं की गई है। इमरान मसूद को प्रदेस कांग्रेस उपाध्यक्ष बनाया गया है।