एयरपोर्ट परिसर में जलभराव, मुश्किल में यात्री
लखनऊ। अमौसी एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग के सामने जलभराव से यात्रियों के लिए रोजाना मुश्किलें हो रही हैं। टर्मिनल तक पहुंचने के लिए पैसेंजरों के पसीने छूट रहे हैं। स्थिति यह है कि कई लोग तो पानी से बचाने के लिए गाड़ियों में रखकर जूते व कपड़े ला रहे हैं।
दरअसल, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का कद भले ही बढ़ रहा हो लेकिन एयरपोर्ट बिल्डिंग के सरकुलेटिंग एरिया में जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। एयरपोर्ट पर सुबह उड़ानें ज्यादा होती हैं। टर्मिनल बिल्डिंग के डिपार्चर हॉल के सामने पिक एंड ड्रॉप पॉइंट पर अगर पैसेंजर पहुंचे तो सरकुलेटिंग में जलभराव से पैसेंजर बच सकता है। पर, यहां पहले से ही गाड़ियां खड़ी रहती हैं। जिससे वे जलभराव से नहीं बच पाते। बुधवार को अधिकतर यात्रियों को ऐसी जगह उतरना पड़ा, जहां पानी भरा हुआ था। इससे यात्रियों को दिक्कतें हुईं। एक पैसेंजर को मुम्बई एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचना था। पर, उनके जूते व पैंट सरकुलेटिंग में भरे बारिश के गंदे पानी में भीगकर खराब हो गए।
जल निकासी में है समस्या
अमौसी एयरपोर्ट पर जलभराव की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि जल निकासी व्यवस्था में ही गड़बड़ी है। जब तेज बारिश होती है तो बिल्डिंग के सामने पानी जमा हो जाता है, जिसे निकलने में बहुत टाइम लगता है। पैसेंजर हर बार बारिश में शिकायत करते हैं, पर एयरपोर्ट प्रशासन कोई ठोस समाधान नहीं निकाल पा रहा है।