लखनऊ। बारिश के बाद शनिवार को काकोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जलभराव होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीएचसी के पुराने भवन में पानी भर जाने से कुष्ठ रोग, टीबी और टीकाकरण विभाग का काम प्रभावित रहा। मरीजों को पानी से होकर विभागों तक पहुंचना पड़ा। सीएचसी के मुख्य गेट के सामने बने वेटिंग एरिया में भी पानी भर गया। यहां इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और तीमारदारों को जलभराव के बीच बैठने और आने-जाने में दिक्कत हुई। परिसर में जल निकासी की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे।
वायरिंग शॉर्ट होने से बिजली आपूर्ति ठप
अधीक्षक डॉ. केडी मिश्रा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे के लगभग महिला प्रसूति एवं बाल चिकित्सालय में वायरिंग शॉर्ट होने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे ओपीडी का काम प्रभावित हुआ। शॉर्ट सर्किट के कारण इन्वर्टर भी जल गया। बाद में मैकेनिक को बुलाकर इनवर्टर को ठीक कराया गया। वहीं, वायरिंग इलेक्ट्रीशियन से सही कराया जा रहा है।
सलरिया तालाब का पानी सीएचसी परिसर में पहुंचा
सीएचसी के पास स्थित सलरिया तालाब में जलभराव होने से बारिश का पानी सीएचसी परिसर में पहुंचने की बात सामने आई है। अधीक्षक ने बताया कि नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी को फोन कर जानकारी दी, जिसके बाद पानी निकालने के लिए पंप लगाकर जल निकासी की व्यवस्था कराई गई।
336 मरीजों ने कराया इलाज
जलभराव और बिजली की समस्या के बावजूद शनिवार को सीएचसी की ओपीडी में 336 मरीज पहुंचे। डॉ. सुनील कुमार, अरविंद कुमार और महिला चिकित्सक डॉ. स्मिता निगम डॉ किरन ने मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया।
काकोरी सीएचसी में भरा पानी।