प्रदेश में शुक्रवार को भी बारिश कई जगह कहर बन कर टूटी। लगातार बारिश के कारण दीवार और मकान गिरने से 32 लोगों की जान चली गई। अवध के विभिन्न जिलों में 19 लोगों की, जबकि मऊ में मां व दो मासूम बच्चों समेत दंपती, आजमगढ़ में तीन, एटा में दो और गाजीपुर व जौनपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
मऊ (चित्रकूट) में थानाक्षेत्र के करही गांव में बारिश के कारण कच्ची दीवार ढहने से मलबे में दबकर मां व दो मासूम बच्चों (5 व 3 वर्षीय) की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला अपने बच्चों को खाना खिला रही थी। मऊ में ही रानीपुर थाना क्षेत्र के धर्मशीपुर गांव की अनुसूचित जाति की बस्ती में शुक्रवार की भोर में कच्चा मकान गिर गया। हादसे में पति-पत्नी मलबे में दब गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मलबे से दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
अवध में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
तीन दिनों जारी बारिश के चलते पूरे अवध में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। इसके चलते जहां बड़ी संख्या में कच्चे मकान धराशायी हो गए हैं, वहीं जर्जर हालत वाले पक्के मकान भी जमीदोंज हो हुए हैं। बारिश के चलते हुए हादसों के कारण शुक्रवार को अवध के विभिन्न जिलों में 19 लोगों की जान चली गई। इसमें सीतापुर और बाराबंकी में 4-4, रायबरेली में 3, गोंडा, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर में 2-2 जबकि अयोध्या और अमेठी में एक-एक व्यक्ति की जान गई है। अंबेडकरनगर में कस्तूरबा गांधी विद्यालय के परिसर में पानी भर जाने के कारण विद्यालय के हॉस्टल में रह रहीं 40 छात्राएं फंस गईं। जिन्हें तमाम मुश्किलों के बाद बाहर निकाला जा सका।
पूर्वांचल में आजमगढ़, वाराणसी और विंध्य मंडल के ज्यादातर जिलों में बारिश
पूर्वांचल में आजमगढ़, वाराणसी और विंध्य मंडल के ज्यादातर जिलों में बृहस्पतिवार की रात से लेकर शुक्रवार तक कहीं हल्की तो कहीं जोरदार बारिश हुई। आजमगढ़ में दीवारें गिरने से शहर कोतवाली के छोट हरैया गांव में सात साल की बालिका, जहानागंज थाने के गोधौरा गांव और अतरौलिया थाने के परमेश्वरपुर नरियाव गांव में एक-एक वृद्ध की मौत हो गई।
गाजीपुर में मकान की दीवार गिरने से 70 साल की महिला की मौत
जौनपुर में मछलीशहर थाने के जहांसापुर (कोढ़ा) गांव में भी दीवार गिरने से एक वृद्ध, जबकि गाजीपुर में मकान की दीवार गिरने से 70 साल की महिला की मौत हो गई। इधर, एटा में थाना जैथरा क्षेत्र के गांव अल्लापुर में बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे एक घर की दीवार गिर गई। हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि उसकी 12 वर्षीय बेटी और छह वर्षीय धेवती मलबे में दबकर घायल हो गई। थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव कुदेशा में भी दीवार गिरने से एक युवक की मौत हुई है।